RAJNANDGAON NEWS. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के कोतवाली थाने से पुलिस अभिरक्षा में रखे गए लूट के दो आरोपी हथकड़ी से छूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपियों की पहचान विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू के रूप में हुई है। मामले में लापरवाही सामने आने पर एसपी अंकिता शर्मा ने ड्यूटी पर तैनात तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पूछताछ के दौरान कबूली थी लूट की वारदात
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली पुलिस ने लूट के एक मामले में विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को गिरफ्तार किया था। डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। इसके बाद दोनों को कोतवाली थाने में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था।
आरोपियों की निगरानी और सुरक्षा के लिए आरक्षक किशन देवांगन, दुर्गेश साहू और नितेश ध्रुव की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन 26 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे दोनों आरोपी हथकड़ी से छूटकर पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहे और थाने से फरार हो गए।
SP अंकिता शर्मा ने तीन आरक्षकों को किया सस्पेंड
थाने के भीतर से ही दो आरोपियों के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात तीनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू शामिल हैं। तीनों को रक्षित केंद्र राजनांदगांव में संबद्ध किया गया है।
सात दिनों में मांगी गई जांच रिपोर्ट
एसपी ने मामले की प्राथमिक जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। थाने के अंदर पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों का फरार होना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की निगरानी पर कई सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है। वहीं, इस घटना के बाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर भी जांच की जा रही है।