CHHATTISGARH NEWS. प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। बालोद में गेमिंग सेंटर और पूल क्लब की आड़ में चल रहे कथित चिट्टा कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, बलरामपुर में गांजा की खरीद-बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों जिलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
बालोद: पूल क्लब और गेमिंग सेंटर की आड़ में चल रहा था चिट्टे का कारोबार
बालोद जिला मुख्यालय के गंजपारा इलाके में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.98 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), चार मोबाइल फोन और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, गंजपारा में नावेद खान उर्फ चोको द्वारा पूल क्लब संचालित किया जाता था। इसी की आड़ में कथित तौर पर हेरोइन छिपाकर रखी जाती थी और उसकी बिक्री की जाती थी। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर रेड की।
जांच के दौरान पुलिस को हेरोइन (चिट्टा) के साथ सेवन में इस्तेमाल होने वाले जले हुए सिल्वर कैप के 10 नग और एक मोबाइल फोन भी मिला। पूछताछ में नावेद खान ने बताया कि वह शुभम सिंह उर्फ लाड़ी, गौतम बजाज और समर प्रताप सिंह को चिट्टा बेचता था और उनके साथ इसका सेवन भी करता था।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन बालोद निवासी नावेद खान उर्फ चोको, गौतम बजाज और समर प्रताप सिंह शामिल हैं। वहीं, चौथा आरोपी शुभम सिंह उर्फ लाड़ी कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर का रहने वाला है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
बलरामपुर: गांजा खरीदने और बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई बलरामपुर जिले में गांजे के अवैध कारोबार के खिलाफ की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा लेकर बलरामपुर से राजपुर की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम बेलसर के पास घेराबंदी की और नोहऱ साय कुजूर नामक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने ग्राम सरनाडीह निवासी कुलदीप सिंह से गांजा खरीदने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने कुलदीप सिंह के घर दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने गांजा खरीदने और बेचने के आरोप में दोनों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(ख) में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है।
दो जिलों में कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप
बालोद और बलरामपुर में हुई इन दोनों कार्रवाइयों के जरिए पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है। बालोद में जहां चिट्टा बेचने और सेवन करने के आरोप में चार युवक पकड़े गए, वहीं बलरामपुर में गांजे की खरीद-बिक्री के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों जिलों में नशे के अवैध कारोबार को लेकर जांच जारी है।