RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 10वीं की छात्रा और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने छात्रा को रास्ते में रोककर उससे बात नहीं करने और नहीं मिलने को लेकर विवाद किया। छात्रा ने जब बात करने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। बहन को बचाने आए भाई पर भी हमला किया गया। आरोप है कि युवक ने चाबी से उसके सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। मामले में खमतराई पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोहा खरीदने जा रहे थे भाई-बहन
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे उरकुरा इलाके में शर्मा प्लास्टिक फैक्ट्री के पास हुई। पीड़िता अपने भाई के साथ पोहा खरीदने जा रही थी। इसी दौरान नीरज यादव ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवक ने छात्रा से सवाल किया कि वह उससे बात क्यों नहीं करती और उससे मिलती क्यों नहीं है। जब छात्रा ने बात करने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया।
भाई ने विरोध किया तो बुला लिए दो साथी
शिकायत के अनुसार, बहन के साथ मारपीट होते देख उसके भाई ने विरोध किया। इसके बाद आरोपी ने अपने दो साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने भाई-बहन के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान नीरज यादव ने कथित तौर पर चाबी से छात्रा के भाई के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
खमतराई पुलिस ने दर्ज की FIR
पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को FIR दर्ज की। शिकायत में नीरज यादव और उसके साथियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।