KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा में दशहरा मेले के दौरान नकली नोट खपाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जल्द अमीर बनने की चाह में दो लोगों ने यूट्यूब देखकर नकली नोट छापने का तरीका सीखा और घर में कलर प्रिंटर की मदद से 200-200 रुपये के नकली नोट तैयार किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरपी नगर फेस-1 स्थित दशहरा मैदान का है। मंगलवार को यहां मेला लगा था, जहां शंभू शर्मा खिलौने बेच रहा था। इसी दौरान एक ग्राहक को 200 रुपये का संदिग्ध नोट मिला। नोट पर शक होने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर शंभू शर्मा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 200 रुपये के 15 नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर नकली नोट छापने की बात कबूल की।
KORBA NEWS. करीब 60 हजार रुपये के नकली नोट छापने का दावा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने करीब 60 हजार रुपये के नकली नोट तैयार किए थे। इनमें से लगभग 57 हजार रुपये दशहरा मेले में खपाने की बात सामने आई है। बताया गया कि आरोपियों ने 200 रुपये के नोट इसलिए चुने, ताकि बाजार में लेन-देन के दौरान उन पर आसानी से शक न हो। एएसपी लखन पटले के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।