JASHPUR NEWS. जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर मौके से भाग निकला और इस दौरान उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे दो जवानों को दांत से काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी क्षेत्र के दीपाटोली निवासी एक आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के बाद मोटरसाइकिल से कुनकुरी थाना लाने की कार्रवाई शुरू की थी। आरोपी बाइक पर दोनों पुलिसकर्मियों के बीच बैठा हुआ था।
बताया जा रहा है कि ईशा क्लिनिक के पास पहुंचते ही आरोपी ने अचानक जोरदार झटका दिया। इससे चलती मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक गिरते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की। दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक झूमाझटकी हुई।
इसी दौरान आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए दोनों पुलिसकर्मियों को दांत से काट लिया। पुलिसकर्मी उसे दोबारा काबू में करने की कोशिश करते रहे, लेकिन मौका मिलते ही आरोपी जंजीर समेत वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में पुलिस टीमों को भेजा गया है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है