BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राजनीतिक पहुंच और बड़े नेताओं से करीबी का दावा कर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला निखत परवीन शाबरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी से जुड़ा बड़ा कार्यकर्ता बताते हुए पीड़ित को पार्टी में बड़ा पद और राजनीतिक नियुक्ति दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद पार्टी फंड सहित अलग-अलग बहानों से पीड़ित से कुल 82.63 लाख रुपये लिए गए।पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी महिला का किसी राजनीतिक पार्टी से संबंध नहीं मिला है।
Facebook के जरिए हुई थी आरोपी महिला से पहचान
मामला श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की शिकायत से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले चेतन की पहचान फेसबुक के जरिए निखत परवीन से हुई थी। महिला ने खुद को राजनीतिक पार्टी का बड़ा कार्यकर्ता बताया और बड़े नेताओं तक अपनी सीधी पहुंच होने का दावा किया। शुरुआत में उसने एक जमीन विवाद सुलझाने में चेतन की मदद की। इससे पीड़ित का भरोसा महिला पर बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने उसे राजनीतिक पार्टी में बड़ा पद दिलाने और राजनीतिक नियुक्ति कराने का प्रस्ताव दिया।
पार्टी फंड के नाम पर किस्तों में लिए 82.63 लाख
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने पार्टी फंड और अन्य संबंधित खर्चों का हवाला देकर पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में पैसे लेना शुरू किया। जुलाई 2025 से अगस्त 2026 के बीच पीड़ित ने आरोपी को करीब 62.63 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि करीब 20 लाख रुपये नकद दिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ रकम आरोपी महिला की बहन के बैंक खाते में भी ट्रांसफर की गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पीड़ित को न तो पार्टी में पद मिला और न ही राजनीतिक नियुक्ति हुई, तो उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए।
पैसे वापस मांगे तो मिली जान से मारने की धमकी
पीड़ित के मुताबिक, जब उसने आरोपी महिला से अपनी रकम वापस मांगी तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद चेतन आनंद दुबे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला निखत परवीन शाबरी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का किसी राजनीतिक पार्टी से कनेक्शन नहीं मिला
पुलिस जांच में फिलहाल आरोपी महिला का किसी राजनीतिक पार्टी से संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ठगी करने के लिए खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ बताती थी और बड़े नेताओं से अपनी नजदीकी होने का दावा करती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया है या नहीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पहले भी इसी तरह लोगों से ठगी कर चुकी है।
BILASPUR NEWS- मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी की रहने वाली है आरोपी
गिरफ्तार की गई निखत परवीन शाबरी मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी की रहने वाली बताई गई है। पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस मामले में पैसों के लेनदेन, बैंक खातों और आरोपी के संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।