ASIAN GAMES 2026 : भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। गोल्ड मेडल के लिए खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है।भारत का महिला कबड्डी में यह एशियन गेम्स का चौथा गोल्ड मेडल है। वहीं, एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है।
फाइनल में भारत और ईरान के बीच कड़ी टक्कर
भारत और ईरान के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले की शुरुआत काफी प्रतिस्पर्धी रही। शुरुआती दौर में दोनों टीमें बराबरी पर थीं और एक समय स्कोर 7-7 था। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले पर पकड़ बनानी शुरू कर दी। पहले हाफ के अंत तक भारतीय टीम ने ईरान को एक बार ऑल आउट किया और 22-16 की बढ़त हासिल कर ली। भारत की रेडिंग और डिफेंस दोनों ही प्रभावी रहे, जिसके चलते टीम ने छह अंकों की बढ़त के साथ पहला हाफ समाप्त किया।
दूसरे हाफ में ईरान ने की जोरदार वापसी
दूसरे हाफ में ईरान ने शानदार वापसी की। ईरानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम पर दबाव बनाया और एक समय भारत को ऑल आउट करने में भी कामयाबी हासिल की। इससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया और दोनों टीमों के बीच अंकों का अंतर लगातार कम होता गया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखा। टीम ने महत्वपूर्ण मौकों पर अंक हासिल किए और ईरान को दोबारा ऑल आउट करते हुए अपनी बढ़त कायम कर ली। आखिरी सीटी बजने के साथ स्कोर 37-34 रहा और भारत ने तीन अंकों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एशियन गेम्स में महिला कबड्डी में भारत का शानदार रिकॉर्ड
महिला कबड्डी को एशियन गेम्स में 2010 से शामिल किया गया है। भारत ने ग्वांगझू 2010 और इंचियोन 2014 में लगातार दो गोल्ड मेडल जीते थे। इसके बाद 2018 जकार्ता एशियन गेम्स के फाइनल में ईरान ने भारत को हराकर उसका स्वर्ण पदक जीतने का सिलसिला रोक दिया था।
भारत ने 2022 हांगझू एशियन गेम्स में वापसी करते हुए फिर गोल्ड मेडल जीता। अब 2026 में भी ईरान को फाइनल में हराकर भारतीय महिला टीम ने अपना खिताब बरकरार रखा है। इस जीत के साथ एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम के नाम अब चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हो गए हैं।
ASIAN GAMES 2026 भारतीय महिला कबड्डी टीम
भारतीय टीम की मुख्य कोच तेजस्विनी बाई हैं, जबकि पुष्पा राणा ने टीम की कप्तानी की।
टीम में शामिल खिलाड़ी:
-
पुष्पा राणा (कप्तान)
-
भावना ठाकुर
-
ज्योति ठाकुर
-
मनीषा कुमारी
-
निकिता कुमारी
-
पिंकी रॉय
-
पूजा हथवाला
-
राज रानी
-
रितु नेगी
-
रितु श्योराण
-
संजू देवी
-
सोनाली शिंगटे
एशियन गेम्स 2026 के ग्रुप स्टेज से लेकर फाइनल तक भारतीय महिला कबड्डी टीम का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। फाइनल में ईरान जैसी मजबूत टीम को हराकर भारत ने एक बार फिर महिला कबड्डी में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।