RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक साल के मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया। गुढ़ियारी इलाके से बच्चे को लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने महज कुछ घंटों में महाराष्ट्र के नागपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 2 बजे 23 वर्षीय पवन साहू एक घर में पहुंचा। वहां एक महिला से विवाद के बाद उसने कथित तौर पर महिला के एक साल के बच्चे को उठाया और बाइक से फरार हो गया।
महिला पर दबाव बनाने के लिए बच्चे को बनाया मोहरा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और महिला पहले से एक-दूसरे को जानते थे। आरोप है कि पवन साहू महिला पर उसके साथ रायपुर छोड़कर जाने का दबाव बना रहा था। महिला के इनकार करने के बाद आरोपी बच्चे को लेकर फरार हो गया। परिजनों ने पहले आसपास बच्चे की तलाश की। जब काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला तो शाम करीब 4:15 बजे गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। बच्चे की कम उम्र को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
CCTV से मिला आरोपी का सुराग
पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें आरोपी बाइक पर बच्चे को लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद कुम्हारी टोल प्लाजा के फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिला। जांच में पता चला कि आरोपी दोपहर करीब 3:30 बजे महाराष्ट्र की ओर निकल चुका था। रायपुर पुलिस ने इसके बाद विशेष टीमों को सक्रिय किया और एक टीम को सड़क मार्ग से आरोपी का पीछा करने के लिए रवाना किया। बच्चे की पहचान और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसके माता-पिता को भी पुलिस टीम के साथ रखा गया।
280 किलोमीटर तक चला पुलिस का पीछा
आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस ने टोल प्लाजा और हाईवे पर लगे कैमरों के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। डिजिटल सर्विलांस के जरिए पुलिस को उसकी संभावित लोकेशन मिलती रही और टीम लगातार उसका पीछा करती रही। CCTV फुटेज में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बच्चे को कपड़े की मदद से अपनी छाती से बांध रखा था और इसी हालत में बाइक चला रहा था। जब पुलिस को पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र में प्रवेश कर चुका है, तो रायपुर पुलिस ने नागपुर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने आपसी समन्वय से आरोपी को पकड़ने की रणनीति तैयार की।
नागपुर के उमरेड में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, करीब रात 11 बजे नागपुर के उमरेड इलाके में आरोपी को घेर लिया गया। रायपुर और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पवन साहू को गिरफ्तार कर लिया गया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
अगस्त में भी महिला को लेकर नागपुर गया था आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अगस्त में महिला आरोपी के साथ नागपुर गई थी। उस समय पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महिला को रायपुर वापस लाया गया था। तब महिला ने अपनी मर्जी से नागपुर जाने की बात कही थी।पुलिस के अनुसार, इस बार आरोपी ने महिला पर दबाव बनाने के लिए बच्चे को कथित तौर पर अगवा किया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।