BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास खड़ी DJ से बंधी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप में करीब 10 युवक सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
हादसे में 5 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।
BALOD NEWS मरकाटोला घाट पहले भी बना है हादसों का स्पॉट
NH-30 का मरकाटोला घाट पहले भी सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। पिछले महीने अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर (24) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।