KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ के कवर्धा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसकी महिला पार्टनर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला युवक पर निकाह करने के लिए दबाव बना रही थी और शादी से इनकार करने पर उसे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में 36 वर्षीय अमीना ताज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
चार साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, मृतक आलोक दुबे और अमीना ताज पिछले करीब चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान अमीना कथित तौर पर आलोक पर अपने साथ निकाह करने का दबाव बना रही थी। आरोप है कि आलोक के शादी से इनकार करने पर उसे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, लगातार मानसिक प्रताड़ना और दबाव से परेशान होकर आलोक ने 29 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई।
जांच और साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
आलोक की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पड़ताल की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अमीना ताज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है।