ASIAN GAMES 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाल दिया है। सुरुचि सिंह और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए और शीर्ष स्थान पर रहते हुए स्वर्ण पदक जीता। साउथ कोरिया की जोड़ी ने 478.0 अंक के साथ सिल्वर, जबकि ईरान ने 415.8 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
गोल्ड के साथ बनाया एशियन रिकॉर्ड
सुरुचि सिंह और कमलजीत की इस जीत की खास बात यह रही कि उन्होंने गोल्ड के साथ एशियन रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड उज्बेकिस्तान के नाम था। उज्बेकिस्तान ने नई दिल्ली में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप के दौरान 481.3 अंक का स्कोर बनाया था। भारतीय जोड़ी ने 484.6 अंक हासिल कर इस रिकॉर्ड को 3.3 अंक से बेहतर कर दिया।
पहली सीरीज से ही भारत का दबदबा
फाइनल की शुरुआत से ही सुरुचि और कमलजीत ने अपनी बढ़त बनाए रखी। पहली सीरीज में भारतीय जोड़ी ने 103 अंक हासिल किए और शीर्ष पर रही। साउथ कोरिया 98.1 अंक के साथ दूसरे और ईरान 98.0 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
दूसरी सीरीज में भारत ने 99.4 अंक जोड़े और कुल स्कोर 202.4 तक पहुंच गया। हालांकि, साउथ कोरिया ने 103.1 अंक हासिल कर अंतर कम किया और उसका स्कोर 201.2 हो गया।
तीसरी सीरीज में भारतीय जोड़ी ने फिर शानदार प्रदर्शन किया और 101.1 अंक हासिल किए। इसके साथ भारत का कुल स्कोर 303.5 अंक हो गया। साउथ कोरिया 300.2 अंक के साथ दूसरे स्थान पर था।
स्टेज-2 में भी कायम रही बढ़त
स्टेज-2 में भी भारतीय जोड़ी ने अपनी लय बरकरार रखी। पहली सीरीज में भारत ने 61.2 अंक हासिल किए और कुल स्कोर 364.7 तक पहुंचा दिया। इस समय भारत की साउथ कोरिया पर बढ़त 5.8 अंक की थी। इसी चरण में इंडोनेशिया 349.4 अंक के स्कोर के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गया।
दूसरी सीरीज के बाद भारत की बढ़त और मजबूत हो गई। भारतीय जोड़ी का स्कोर 424.9 अंक हो गया, जबकि साउथ कोरिया 416.5 अंक पर था। ईरान 415.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा और ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया।
आखिरी सीरीज में भारत ने जीता गोल्ड
फाइनल सीरीज में साउथ कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सुरुचि सिंह और कमलजीत ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन जारी रखा। भारतीय जोड़ी ने कुल 484.6 अंक के साथ फाइनल समाप्त किया और गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। भारत ने सिल्वर मेडल जीतने वाले साउथ कोरिया से 6.6 अंक की बढ़त के साथ मुकाबला खत्म किया।
एशियन गेम्स में भारत के 2 गोल्ड
इस गोल्ड मेडल के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या दो हो गई है। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। भारत के खाते में अब कुल 19 मेडल हो गए हैं, जिसमें 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। शूटिंग में सुरुचि सिंह और कमलजीत की इस कामयाबी ने भारतीय पदक तालिका में एक और स्वर्ण जोड़ दिया है।