AZAMGARH NEWS. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मंगलवार शाम घर में चल रही पूजा के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में कथित तौर पर आधार कार्ड दिखाने को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक महिला और दो पंडितों की मौत की सूचना है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घर में चल रही थी पूजा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम अरविंद सिंह के घर में पूजा का आयोजन किया गया था। इस दौरान घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता और उनके बच्चे मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर लौटा। घर में पूजा चलती देखकर उसने पंडितों से आयोजन के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान पंडितों से आधार कार्ड दिखाने को लेकर उसकी बहस शुरू हो गई।
विवाद बढ़ा तो हुई फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बहस के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अरविंद ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। फायरिंग में उसकी पत्नी बबीता समेत दो पंडितों को गोली लग गई। घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पंडित महेंद्र पाठक का नाम सामने आया है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में कितने हथियारों का इस्तेमाल हुआ और कितनी गोलियां चलीं। राइफल से भी फायरिंग होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
गोलियों की आवाज सुनकर मची भगदड़
घर में अचानक फायरिंग होने के बाद वहां मौजूद अन्य पंडितों के बीच भगदड़ मच गई और वे मौके से भाग गए। गोलियों की आवाज और घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस अधिकारी और टीम घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मौके से हथियार और अन्य सामान को जांच के लिए कब्जे में लिए जाने की जानकारी है। पुलिस अब घटना के पीछे की वास्तविक वजह, फायरिंग की परिस्थितियों और मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।