PM SURYA GHAR YOJANA : बिजली के बढ़ते खर्च से परेशान परिवारों के लिए सौर ऊर्जा अब बचत का जरिया बनती जा रही है। जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड के ग्राम जर्वे (च) निवासी जगदीश कुमार कश्यप के परिवार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया। इसके बाद परिवार की बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी होने लगीं और उनका बिजली बिल शून्य हो गया।
जगदीश कुमार कश्यप बताते हैं कि पहले हर महीने आने वाला बिजली बिल परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ डालता था। बिजली खर्च कम करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का फैसला किया और घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित कराया। सोलर पैनल लगने के बाद बिजली की जरूरत का बड़ा हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा होने लगा। इससे उनके मासिक बिजली खर्च में राहत मिली और अब बिजली बिल शून्य होने से परिवार के बजट पर अतिरिक्त भार भी नहीं पड़ रहा है।
1.08 लाख रुपये की सब्सिडी ने आसान किया सोलर लगाना
जगदीश कुमार कश्यप को सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सहायता शामिल है। सब्सिडी मिलने से सोलर सिस्टम लगाने का शुरुआती आर्थिक बोझ कम हुआ और परिवार के लिए स्वच्छ ऊर्जा अपनाना आसान हो गया।
अब दूसरों को भी सोलर अपनाने की दे रहे सलाह
सौर ऊर्जा से बिजली खर्च में राहत मिलने के बाद जगदीश कश्यप अब अपने आसपास के लोगों को भी योजना की जानकारी दे रहे हैं। उनका कहना है कि सोलर पैनल लगाने से न केवल बिजली खर्च कम करने में मदद मिलती है, बल्कि स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलता है। उनके घर की छत पर लगा सोलर सिस्टम अब सिर्फ बिजली बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि परिवार के नियमित खर्च को कम करने का जरिया भी बन गया है।
PM SURYA GHAR YOJANA : बिजली बिल की बचत से परिवार को मिली राहत
जगदीश कश्यप के मुताबिक बिजली बिल में बचत होने से परिवार के मासिक बजट को राहत मिली है। पहले जिस रकम का इस्तेमाल बिजली बिल चुकाने में होता था, अब उस खर्च का दबाव कम हुआ है।सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सामने आई यह कहानी इस बात को दिखाती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जब सीधे परिवार की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ता है, तो उसका असर घरेलू बजट पर भी दिखाई देता है। जगदीश कुमार कश्यप ने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है।