BILASPUR NEWS । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की ने अपने ही छोटे भाई को घर के अंदर बंधक बना लिया। देर रात घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि नाबालिग अपने कथित बॉयफ्रेंड के पास जाना चाहती थी, लेकिन परिवार के लोग उसे घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दे रहे थे। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने भाई को घर के अंदर रोक लिया।
भाई को छोड़ने के बदले रखी पैसे की मांग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नाबालिग ने अपने भाई को छोड़ने के बदले कथित तौर पर अपने बॉयफ्रेंड के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने की मांग की। मामले की सूचना पुलिस तक पहुंची तो सिविल लाइन पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने संवेदनशीलता से संभाला मामला
चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने कार्रवाई के दौरान विशेष संवेदनशीलता बरती। नाबालिग को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद फिलहाल उसे शेल्टर होम में रखा गया है। बच्ची की काउंसलिंग भी कराई जा रही है और बाल संरक्षण अधिकारियों की निगरानी में आगे की प्रक्रिया जारी है।
पूरे घटनाक्रम की जांच जारी
पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। नाबालिग ने ऐसा कदम क्यों उठाया और परिवार में उसके कथित बॉयफ्रेंड को लेकर क्या विवाद था, इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है। फिलहाल बच्चे को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया है और नाबालिग की काउंसलिंग के साथ मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।