BILASPUR NEWS: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी से पहले गलत जानकारी देकर युवती और उसके परिवार को झांसे में लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हर्षदीप राम जाड़ी नाम के युवक ने खुद को BITS से B.Tech पास और जयपुर की एक कंपनी में नौकरी करने वाला बताया था। उसने अपना सालाना पैकेज 48 लाख रुपये बताया था।
जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से PhD कर रही है। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात हर्षदीप से हुई थी। जनवरी 2025 में आरोपी ने युवती और उसके परिवार को अपना बायोडाटा दिया। इसमें BITS से पढ़ाई, 48 लाख रुपये के सालाना पैकेज के साथ परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने का दावा किया गया था।
परिवार ने इन जानकारियों पर भरोसा किया और 12 मार्च 2026 को बिलासपुर के होटल पेट्रीशियन में दोनों की शादी कर दी। आरोप है कि शादी से पहले करीब 5.5 लाख रुपये युवक और उसकी मां के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए।
शादी के बाद युवती के परिवार को युवक की शिक्षा, नौकरी और संपत्ति से जुड़े दावों पर संदेह हुआ। परिवार का आरोप है कि बायोडाटा में दी गई कई जानकारियां सही नहीं थीं। इसके अलावा शादी में मिले जेवरों के भी नकली होने का आरोप लगाया गया है।
मामले की शिकायत के बाद कोनी थाना पुलिस ने जीरो पर FIR दर्ज की है। पुलिस ने हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम और मां राजो जाड़ी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी द्वारा शादी से पहले दी गई शैक्षणिक योग्यता, नौकरी, वेतन, संपत्ति और लेनदेन से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है।