KORBA NEWS. कोरबा के कोतवाली थाना परिसर में महिला द्वारा रील बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना परिसर के संवेदना कक्ष के सामने ‘आज जेल होई, कल बेल होई…’ गाने पर रील बनाकर उसे Instagram पर पोस्ट करने वाली युवती के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि युवती ने 11 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच थाना परिसर में अलग-अलग अंदाज में वीडियो शूट किए थे। इसके बाद इन वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। रील सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया था।
करीब एक सप्ताह पहले शिकायत के लिए पहुंची थी युवती
पुलिस के मुताबिक, युवती करीब एक सप्ताह पहले किसी मामले को लेकर शिकायत करने कोतवाली थाना पहुंची थी। हालांकि, उस समय उसने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसी दौरान उसने थाना परिसर में वीडियो बनाए और बाद में उन्हें Instagram पर पोस्ट कर दिया। रील वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और युवती के खिलाफ कार्रवाई की।
BNSS की धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने युवती के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने उससे बॉन्ड भरवाया और भविष्य में थाना या अन्य संवेदनशील सरकारी परिसरों में इस तरह की गतिविधि नहीं करने की हिदायत दी। कार्रवाई के बाद युवती ने अपनी गलती स्वीकार की और पुलिस से माफी मांगी। उसने भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने का भरोसा भी दिया है।
Instagram से डिलीट की रील
पुलिस कार्रवाई के बाद युवती ने अपने Instagram अकाउंट से संबंधित रील डिलीट कर दी है। पुलिस ने उसे स्पष्ट तौर पर समझाया कि थाना परिसर जैसे संवेदनशील सरकारी स्थानों की गरिमा और नियमों का पालन करना जरूरी है।
पुलिस ने कहा- लाइक और व्यूज के लिए नियम न तोड़ें
कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि थाना और अन्य संवेदनशील सरकारी परिसरों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए इस तरह की गतिविधियां करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।