GARIYABAND NEWS. गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक के झोलाराव गांव में खाद चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों को ग्रामीणों ने अनोखी सजा दी। कृष्णा और प्रभु नाम के दोनों युवकों पर गांव के एक किसान के घर से यूरिया खाद की दो बोरियां चोरी करने का आरोप है। ग्रामीणों ने दोनों को कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ लिया और चोरी की गई खाद की बोरियां भी बरामद कर लीं।
बताया जा रहा है कि इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों के कंधों पर खाद की बोरियां लाद दीं और रस्सी बांधकर उन्हें पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान आगे-आगे दोनों युवक चल रहे थे, जबकि पीछे ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे थे। ग्रामीणों ने जुलूस के दौरान सार्वजनिक रूप से खाद चोरी किए जाने की बात बताई।
अनोखे जुलूस की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। महिलाएं और बच्चे भी घरों से बाहर निकलकर इस पूरे घटनाक्रम को देखने पहुंचे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और जांच की जा रही है। हालांकि, फिलहाल किसी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच के बाद साफ होगी स्थिति
ग्रामीणों द्वारा आरोपियों को इस तरह सार्वजनिक रूप से सजा देने का मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खाद चोरी की घटना में वास्तव में क्या हुआ और ग्रामीणों ने दोनों युवकों के साथ किस तरह की कार्रवाई की। मामले में आधिकारिक शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।