BHILAI NEWS. भिलाई और चरौदा में ड्यूटी टाइम पर शराब पीकर पार्टी करने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। दोनों वीडियो सामने आने के बाद सरकारी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और ड्यूटी के दौरान अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पहला वीडियो नगर निगम भिलाई के जोन-4 स्थित एक SLRM सेंटर का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ कर्मचारी ड्यूटी के दौरान शराब पीकर पार्टी और डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
मामले को लेकर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत माझी को नोटिस जारी किया है। उनसे वायरल वीडियो के संबंध में 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। बताया जा रहा है कि वीडियो में जोन स्वास्थ्य अधिकारी और उनके सुपरवाइजर के ड्यूटी टाइम में शराब पीने और पार्टी करने का आरोप है।
वहीं दूसरा वीडियो चरौदा के जोन-2 स्थित नर्सरी का बताया जा रहा है। इसमें राजनांदगांव से रायपुर की ओर जा रहे आठवीं बटालियन के कुछ अधिकारी और जवान सरकारी वाहन से वहां पहुंचे और दोपहर के समय खाना खाते तथा शराब पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
दोनों वीडियो में नजर आ रहे लोगों की गतिविधियों को लेकर अब जांच और कार्रवाई की मांग उठ रही है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।