कौन छोड़ गया नवजात बच्ची? पुल के नीचे मिली मासूम, बिलासपुर में मच गया हड़कंप
BILASPUR NEWS. बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र के सिल्ली मोड़ के पास उस वक्त लोगों के दिल दहल गए, जब पुल के नीचे एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली। मासूम को इस तरह अकेला देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि पुल के पास से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर बच्ची पर पड़ी। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
नन्ही बच्ची को पुल के नीचे छोड़कर कौन चला गया?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात बच्ची को पुल के नीचे छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया। मासूम को किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने रतनपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पहले रतनपुर अस्पताल, फिर सिम्स किया रेफर
पुलिस ने नवजात बच्ची को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने बच्ची की प्राथमिक जांच और उपचार किया। बेहतर देखभाल और इलाज के लिए बाद में उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया गया।फिलहाल बच्ची की देखभाल अस्पताल में की जा रही है।
पुलिस तलाश रही बच्ची को छोड़ने वाले को
इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर दिया है। आखिर ऐसी क्या मजबूरी या परिस्थिति रही होगी कि किसी ने अपनी नवजात बच्ची को पुल के नीचे इस तरह छोड़ दिया? यह सवाल हर किसी के मन में है।रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बच्ची को छोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची को वहां कब और किसने छोड़ा।