RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में खारुन नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंगोराभाटा निवासी 53 वर्षीय उमेन्द्र देवांगन के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, उमेन्द्र देवांगन 18 अगस्त को घर से बिना बताए निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने डीडी नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
खारुन नदी में मिला शव
इसी बीच पुलिस को खारुन नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान उमेन्द्र देवांगन के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती तौर पर डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बेटे ने बताई पिता के लापता होने की कहानी
मृतक के बेटे लोकेश देवांगन के मुताबिक, उनके पिता घर में टेलर का काम करते थे। उन्होंने बताया कि पिता पहले भी घर से बाहर जाने के बाद वापस लौट चुके थे। इस बार भी वे 18 अगस्त को घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं आए।
फिलहाल डीडी नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।