VANDE BHARAT PASSENGER INJURED: बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में गुरुवार सुबह एक यात्री उस समय घायल हो गया, जब ट्रेन के सी-1 कोच के शौचालय में लगा शेल्फ अचानक उसके सिर पर गिर गया। हादसे में यात्री के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सफर कर रहे दो डॉक्टरों ने समय रहते घायल यात्री की मदद कर प्राथमिक उपचार किया।
टॉयलेट में गया था यात्री, अचानक सिर पर गिरा शेल्फ
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। बिलासपुर से नागपुर जा रहा यात्री शौचालय गया था। इसी दौरान अचानक वहां लगा शेल्फ उसके सिर पर आ गिरा। चोट लगने के बाद यात्री के सिर से खून बहने लगा।घायल यात्री किसी तरह शौचालय से बाहर निकला। यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी टीटीई को दी। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान भी मौके पर पहुंच गया।
ट्रेन में नहीं था डॉक्टर, टीटीई ने कराया अनाउंसमेंट
घायल यात्री की स्थिति को देखते हुए टीटीई ने ट्रेन में अनाउंसमेंट कर पूछा कि क्या कोई डॉक्टर सफर कर रहा है। इसके बाद ट्रेन में मौजूद दो डॉक्टर मदद के लिए आगे आए। टीटीई और आरपीएफ जवान की मौजूदगी में दोनों डॉक्टरों ने यात्री की चोट पर प्राथमिक उपचार किया और मरहम-पट्टी की। डॉक्टरों के समय पर मिल जाने से यात्री को तत्काल राहत मिल गई।
नागपुर पहुंचने पर अस्पताल जाने से किया इनकार
नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद यात्री से उसकी तबीयत और आगे चिकित्सा सहायता की जरूरत के बारे में पूछा गया। यात्री ने बताया कि उसे ट्रेन में ही चिकित्सकीय सहायता मिल चुकी है और फिलहाल नागपुर में अतिरिक्त चिकित्सा मदद की आवश्यकता नहीं है।
शेल्फ कैसे गिरा? रेलवे कराएगा जांच
हादसे के बाद ट्रेन के शौचालय में लगा शेल्फ अचानक कैसे गिर गया, इसको लेकर रेलवे में भी चिंता जताई गई है। रेलवे की ओर से मामले की जांच कराने की बात कही गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शेल्फ की फिटिंग में कोई तकनीकी खामी थी या किसी अन्य वजह से वह यात्री के ऊपर गिरा।
रेल मंत्री तक पहुंची शिकायत
मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब घटना की जानकारी और ट्रेन में डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर शिकायत एक्स के जरिए सीधे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक पहुंचाई गई। इसके बाद रेल मंडल में भी मामले को लेकर हलचल बढ़ गई है। फिलहाल रेलवे मामले की जांच कराने की तैयारी में है। इस घटना ने वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन के कोच में यात्रियों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।