BANDA NEWS. उत्तर प्रदेश के बांदा से इंसानी रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि छत्तीसगढ़ में मजदूरी के दौरान एक महिला से प्रेम संबंध बनाने वाले युवक ने उसे अपने गांव लाने के बाद कथित तौर पर 20 हजार रुपये में दूसरे व्यक्ति के हाथ बेच दिया। इतना ही नहीं, पूरी रकम नहीं मिलने पर महिला को दोबारा किसी अन्य शख्स के हाथ बेचने का आरोप है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़ में हुई थी महिला से मुलाकात
मामला बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विनय छत्तीसगढ़ की एक लोहे की फैक्ट्री में मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।आरोप है कि इसके बाद विनय महिला को अपने गांव लेकर पहुंचा। जब उसकी पत्नी को महिला के बारे में पता चला तो घर में विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान विनय ने कथित तौर पर महिला को रामभवन नाम के व्यक्ति को 20 हजार रुपये में बेच दिया।
पूरी रकम नहीं मिली तो दोबारा बेचने का आरोप
पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, विनय को महिला के बदले कथित तौर पर पूरी रकम नहीं मिली। इसके बाद आरोप है कि महिला को गरीबदास नाम के व्यक्ति के हाथ दोबारा बेच दिया गया। मामले में उदित नाम के व्यक्ति पर कथित तौर पर बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है। पुलिस की जांच में विनय, रामभवन, गरीबदास और उदित के नाम सामने आए हैं।
डायल 112 पर मिली सूचना, पुलिस ने किया रेस्क्यू
महिला की कथित खरीद-फरोख्त की सूचना पुलिस को डायल 112 के जरिए मिली। सूचना मिलते ही बदौसा थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम मौके पर पहुंची और महिला को बरामद कर लिया। रेस्क्यू के बाद महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसके बयान दर्ज किए गए। फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार
जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विनय, रामभवन, गरीबदास और उदित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।डिप्टी एसपी सौरभ सिंह के मुताबिक, बदौसा थाना क्षेत्र में महिला की खरीद-फरोख्त की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। महिला को सकुशल बरामद कर मेडिकल और बयान की कार्रवाई की गई है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।