DURG NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से नवविवाहिता की आत्महत्या का दर्दनाक मामला सामने आया है। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम उमरपोटी में 23 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी रवीना के रूप में हुई है। उसका विवाह करीब 14-15 महीने पहले उमरपोटी निवासी विपुल यादव से हुआ था।
पति के कथित अफेयर को लेकर रहती थी तनाव में
परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही रवीना अपने पति के व्यवहार और उसके कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर मानसिक तनाव में थी। आरोप है कि पति के कथित प्रेम-प्रसंग और प्रताड़ना से वह काफी परेशान रहती थी।
घर पहुंची कथित प्रेमिका, पत्नी को कमरे में किया बंद
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात विपुल की कथित प्रेमिका उसके घर पहुंची थी। इसके बाद विपुल ने रवीना को कमरे के अंदर बंद कर दिया और कथित प्रेमिका के साथ घर से बाहर चला गया। परेशान रवीना ने पति को लगातार 17 बार फोन किया, लेकिन कथित तौर पर उसने एक भी कॉल रिसीव नहीं किया।
इसके बाद रवीना ने पति की कथित प्रेमिका को फोन किया। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। बातचीत के दौरान रवीना ने कथित तौर पर महिला से कहा कि “तुम उससे शादी कर लो, मैं चली जाऊंगी।”
रात करीब 2 बजे उठाया खौफनाक कदम
बातचीत के कुछ समय बाद देर रात करीब 2 बजे के बाद रवीना ने कमरे में लगे पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल उतई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही आत्महत्या की वास्तविक वजह और पति के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।