एक महीने तक छिपी रही एक्ट्रेस की मौत की खबर, 27 की उम्र में अनन्या राज का निधन; फैंस सदमे में
ANANYA RAJ DIES. बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। एक्ट्रेस अनन्या राज का 27 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने 15 जुलाई को अंतिम सांस ली थी, लेकिन परिवार ने करीब एक महीने तक उनके निधन की जानकारी सार्वजनिक नहीं की। अब 15 अगस्त को उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक भावुक पोस्ट के जरिए फैंस को उनके निधन की जानकारी दी गई।
परिवार की ओर से साझा की गई पोस्ट में बताया गया कि अनन्या ने नींद में ही शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। पोस्ट के मुताबिक, वह पिछले एक साल से अधिक समय से शारीरिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रही थीं। परिवार ने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और मजबूती से अपनी परेशानियों का सामना किया।
परिवार ने अनन्या को एक बेहतरीन कलाकार बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। साथ ही फैंस से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की गई और इस मुश्किल समय में परिवार की निजता का सम्मान करने को कहा गया।
कम उम्र में एक्टिंग की दुनिया में रखा कदम
मुंबई में पली-बढ़ीं अनन्या राज ने कम उम्र में ही एक्टिंग को अपना करियर बनाने का फैसला किया था। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ रीजनल सिनेमा में भी काम किया। साल 2016 में फिल्म ‘7 Hours to Go’ से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था।इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदारों में काम किया और इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की कोशिश की।
‘द फाइनल एग्जिट’ और ‘घोस्ट’ में किया काम
अनन्या राज साल 2017 में ‘द फाइनल एग्जिट’ में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने 2019 में विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘घोस्ट’ में भी काम किया। महज 27 साल की उम्र में उनके निधन की खबर सामने आने से फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग हैरान हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।