GORAKHPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। रामगढ़ताल क्षेत्र की एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर मारपीट, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला उस समय सामने आया जब पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद पति उसे हनीमून के लिए अंडमान-निकोबार ले गया था। इसी दौरान पीरियड्स के समय तबीयत बिगड़ने और तेज दर्द के कारण वह रोने लगी। महिला का आरोप है कि उसे रोता देख पति नाराज हो गया और उसके साथ मारपीट की। साथ ही गला दबाने की कोशिश भी की।
होटल स्टाफ ने पहुंचकर बचाई जान
पीड़िता के मुताबिक, विवाद के दौरान उसकी चीख-पुकार सुनकर होटल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति संभली। आरोप है कि इसके बाद पति ने उसके पिता को फोन कर अभद्रता की और बेटी को वापस ले जाने की बात कही। महिला का आरोप है कि दिल्ली स्थित ससुराल पहुंचने के बाद उसने अपनी सास को पूरी घटना बताई, लेकिन वहां भी उसे राहत नहीं मिली। आरोप है कि सास और ननद ने भी उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया।
40 लाख रुपये दहेज देने का आरोप
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि शादी से पहले गोदभराई की रस्म के दौरान ससुराल पक्ष की ओर से महंगे और ब्रांडेड सामान की मांग की गई थी। परिवार का दावा है कि उन्होंने करीब 20 लाख रुपये नकद, कार और अन्य सामान समेत लगभग 40 लाख रुपये दहेज में दिए थे।
इसके बावजूद आरोप है कि शादी के करीब 45 दिन बाद ही महिला को ससुराल से बाहर कर दिया गया। महिला का यह भी आरोप है कि दहेज का सामान वापस नहीं किया गया और पति की ओर से व्हाट्सऐप पर धमकी भरे संदेश भी भेजे गए।
पति, सास और ननद के खिलाफ FIR
पीड़िता और उसके परिवार ने कई बार थाने के चक्कर लगाने के बाद SSP से शिकायत की। इसके बाद रामगढ़ताल थाने में पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।