DHAMTARI NEWS.धमतरी जिले के कुर्रा गांव में रविवार को 80 वर्षीय राधा बाई यादव की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू होते ही कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया।
बताया जा रहा है कि राधा बाई यादव और उनके परिवार ने करीब पांच साल पहले दूसरे धर्म को अपना लिया था। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी और अंतिम संस्कार की परंपरा को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन
मामला बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। हिंदू संगठनों के लोग भी गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार को लेकर अपनी आपत्ति जताई। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को भी मौके पर पहुंचना पड़ा।
काफी देर तक ग्रामीणों और मृतिका के परिजनों के बीच बातचीत होती रही। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
हिंदू रीति-रिवाज से हुआ अंतिम संस्कार
विवाद के पीछे धर्म परिवर्तन को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी भी सामने आई। काफी देर तक चली बातचीत के बाद आखिरकार मृतिका के परिजन हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए।
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में राधा बाई यादव का हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया। अंतिम संस्कार के बाद गांव में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई और तनाव का माहौल शांत हो गया।