SAKTI NEWS. बारिश के मौसम में वॉटरफॉल और पिकनिक स्पॉट पर घूमने का मजा कभी-कभी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सक्ती जिले के नगरदा वॉटरफॉल में सामने आया है, जहां दोस्तों के साथ घूमने और नहाने पहुंचे एक युवक की पहाड़ से फिसलकर गिरने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के देवरमाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहुल अपने दोस्तों के साथ नगरदा वॉटरफॉल घूमने पहुंचा था। इसी दौरान बारिश के कारण चट्टानों पर जमी काई की वजह से उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे जा गिरा।
हादसे के बाद दोस्तों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
बारिश में वॉटरफॉल पर बढ़ जाता है खतरा
पुलिस के मुताबिक लगातार बारिश के कारण वॉटरफॉल की चट्टानें बेहद फिसलन भरी हो जाती हैं। ऊपर से देखने में ये जगहें खूबसूरत जरूर लगती हैं, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।सक्ती जिले में यह एक सप्ताह के भीतर पिकनिक स्पॉट पर हुई दूसरी मौत है। इससे पहले दमाऊधारा जलप्रपात में दुर्ग जिले के छावनी निवासी प्रतीक कंवर की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई थी।
पुलिस की अपील- सेल्फी और रोमांच के चक्कर में खतरा न मोल लें
लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में वॉटरफॉल, नदी और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि कुछ मिनटों का रोमांच जिंदगी भर का दर्द दे सकता है। वॉटरफॉल पर फोटो खींचना, खतरनाक चट्टानों पर चढ़ना या तेज बहाव वाले पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।