GURUGRAM NEWS. ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कूटर को रोका। जब वाहन का रिकॉर्ड खंगाला गया तो पता चला कि उस पर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 96 ट्रैफिक चालान लंबित हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इन चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 10 लाख रुपये पहुंच चुकी थी।
यह मामला हरियाणा के गुरुग्राम का है। राजीव चौक पर चल रहे नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटर को रोका। चालक से ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन का ऑनलाइन रिकॉर्ड जांचा तो 96 लंबित चालानों का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, स्कूटर पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत ये सभी चालान दर्ज थे। चालक लंबे समय से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता रहा, लेकिन उसने किसी भी चालान का भुगतान नहीं किया। रिकॉर्ड सामने आने के बाद पुलिस ने स्कूटर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
यातायात अधिकारियों ने बताया कि 96 चालानों में से एक चालान ई-चालान मशीन से काटा गया था, जबकि बाकी सभी चालान शहर में लगे हाईटेक कैमरों की मदद से जारी किए गए थे। कैमरा आधारित ट्रैफिक प्रवर्तन प्रणाली नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान कर स्वतः ई-चालान जारी करती है।
पुलिस ने कहा कि जिन वाहन मालिकों ने लंबे समय से अपने चालानों का भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जब्त करने समेत अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
यातायात विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने वाहनों के लंबित चालानों की जांच करें और उनका समय पर भुगतान करें। साथ ही वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।