CHHATTISGARH NEWS । छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के पास हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर रायपुर लौट रहे थे। दुर्घटना में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किरण देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान छतरपुर के पास सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई।
हादसे के समय किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है। डॉक्टर लगातार किरण देव की निगरानी कर रहे हैं और उनकी स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है।