KORBA NEWS : कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भैसामुड़ा में शराब के विवाद ने एक महिला की जान ले ली। रविवार देर रात नशे की हालत में पति ने अपनी पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पूरी रात पत्नी के शव के पास बैठा रहा और सोमवार सुबह खुद गांव वालों को जाकर बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अगहन बाई धनवार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थी और पिछले कुछ दिनों से अपने मामा के गांव भैसामुड़ा में पति परदेसी धनवार के साथ रह रही थी। दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी थी।
शराब खत्म होने के बाद बची हुई शराब पत्नी ने पी ली, जिससे पति नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आरोपी ने लकड़ी के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कमरे के भीतर दौड़ा-दौड़ाकर महिला की पिटाई की। महिला की चीख-पुकार सुनकर एक बुजुर्ग बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे वे जान बचाकर वहां से भाग गए।
घटना के बाद कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ मिला। पुलिस ने घटनास्थल से टूटा हुआ डंडा भी बरामद किया है, जिसे हमले में इस्तेमाल किया गया था। पत्नी की मौत के बाद आरोपी रातभर शव के पास ही बैठा रहा। सोमवार सुबह वह गांव में घूमकर लोगों को बताने लगा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल उरगा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पत्नी की हत्या के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।