BILASPUR NEWS बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बेकरी संचालक पर बेकरी प्रोडक्ट्स पर कथित तौर पर थूक लगाकर ग्राहकों को सामान बेचने का आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में विवाद बढ़ गया। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने दुकान पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और दुकान संचालक व उसके बेटे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर का है। यहां स्टार बेकर्स नाम की दुकान संचालित होती है। आरोप है कि वायरल वीडियो में दुकानदार सामान देने से पहले कथित रूप से उस पर थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग दुकान पर पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ हिंदू संगठनों ने इस घटना को “थूक जिहाद” से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग उठाई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस आरोप की पुष्टि नहीं की है।
हंगामे की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुकान संचालक और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही दुकान का DVR जब्त किया गया है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।
बिलासपुर के एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस वीडियो, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वायरल वीडियो में दिख रही घटना और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।