RAIGARH NEWS । रायगढ़ जिले में अवैध जुए के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश दी। रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में पुलिस ने छापेमारी कर 33 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 90 लाख रुपये मूल्य की सात चार पहिया वाहन, 57,140 रुपये नकद, 5 गैस लाइट और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धसकामुड़ा बस्ती के बाहर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर इलाके की घेराबंदी की और एक साथ पांच अलग-अलग जुआ फड़ों पर छापा मारा।
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद जुआरियों में भगदड़ मच गई। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 33 आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया। गिरफ्तार सभी आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जो धसकामुड़ा में एकत्र होकर जुआ खेल रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किआ और एक ऑल्टो कार भी जब्त की है। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है।
छाल थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा-6 के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।