RAIPUR NEWS। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही घर से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव बरामद हुए। घटना संजय नगर स्थित मदनी चौक इलाके की है। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने बताया कि घर का मुख्य गेट गुरुवार शाम से बंद था। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के भीतर प्रवेश किया, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक परिवार करीब आठ महीने पहले इस मकान में रहने आया था। फिलहाल मृतकों की पहचान और मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।