RAJASTHAN NEWS गंगापुर सिटी। राजस्थान के गंगापुर सिटी जिले के बामनवास क्षेत्र के लिवाली गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षिका पर आरोप है कि 500 रुपये गुम होने के बाद संदेह के आधार पर कक्षा 9 और 11 की छात्राओं की तलाशी के नाम पर उनके कपड़े उतरवाए गए।
आरोप है कि शिक्षिका ने छात्राओं को एक कमरे में बंद कर दिया और पैसे तलाशने के लिए उनके कपड़े खुलवाए। इस घटना से छात्राएं मानसिक रूप से आहत हुईं और उन्होंने घर पहुंचकर पूरी जानकारी अपने अभिभावकों को दी।
ग्रामीणों ने किया स्कूल में हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में ताला लगा दिया। सूचना मिलने पर बामनवास की कार्यवाहक सीबीईओ प्रतिभा मीणा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने पूरी घटना रखी। सीबीईओ ने छात्राओं के बयान भी दर्ज किए और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी।
ग्रामीण आरोपी शिक्षिका सहित दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली की सीनियर टीचर (हिंदी) सरस्वती मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय राजाखेड़ा, धौलपुर रखा गया है। वहीं, व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को सेवा प्रदाता कंपनी के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
विभागीय जांच शुरू
संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा भरतपुर दलवीर सिंह ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक सवाई माधोपुर की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका सरस्वती मीणा के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 13 के तहत कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।