रायपुर के स्कूल में चाकूबाजी, 11वीं के छात्र पर जानलेवा हमला; मामूली विवाद के बाद गले पर किया वार
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित फुंडहर हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। मामूली विवाद के बाद कुछ छात्रों ने 11वीं कक्षा के एक छात्र पर स्कूल परिसर में ही जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर ने छात्र के गले पर चाकू से वार करने की कोशिश की। बचाव के दौरान चाकू उसकी बाईं जांघ में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पानी की बोतल फेंकने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत कक्षा के दौरान पानी की बोतल फेंकने को लेकर हुए विवाद से हुई। एक छात्र ने बोतल फेंकने का कारण पूछा तो दूसरे छात्र ने उसे स्कूल की छुट्टी के बाद बाहर आने की धमकी दी
स्कूल परिसर में घेरकर किया हमला
दोपहर करीब 3:15 बजे छुट्टी के बाद जब पीड़ित छात्र अपने साथी के साथ स्कूल की पार्किंग में पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद कुछ छात्रों ने उसे घेर लिया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए एक छात्र ने चाकू निकाल लिया और कथित तौर पर “आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा” कहते हुए उसके गले पर वार करने की कोशिश की। छात्र ने बचाव किया, जिससे चाकू उसकी बाईं जांघ में लग गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही घायल छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया। इसके बाद तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपियों की भूमिका और वारदात में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी को लेकर जांच कर रही है।