- सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में लगातार हो रही बारिश ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं प्रकृति प्रेमियों के लिए यह मौसम किसी खूबसूरत तोहफे से कम नहीं है। प्रदेश का मशहूर पर्यटन स्थल मैनपाट इन दिनों मानसून की खूबसूरती से सराबोर नजर आ रहा है। पहाड़ियों पर छाई हरियाली, बादलों की अठखेलियां और ठंडी हवाओं ने यहां के नजारों को और भी मनमोहक बना दिया है।
बारिश के बाद मैनपाट की वादियां घने कोहरे और बादलों की चादर में लिपटी दिखाई दे रही हैं। कभी बादल सड़कों तक उतर आते हैं तो कभी पहाड़ियों के बीच तैरते नजर आते हैं। चारों ओर फैली हरियाली और शांत वातावरण पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहा है। यही वजह है कि मानसून के इस खूबसूरत मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैनपाट पहुंच रहे हैं।
मैनपाट का प्रसिद्ध टाइगर प्वाइंट झरना भी इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। पहाड़ियों से तेज वेग के साथ गिरता पानी यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। झरने की गर्जना और आसपास का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। पर्यटक इस खूबसूरत नजारे को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं और तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में मैनपाट की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है। यहां का ठंडा मौसम, हरियाली से ढकी पहाड़ियां और बादलों से घिरी वादियां पर्यटकों को अलग ही अनुभव देती हैं।
हालांकि लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को फिसलन वाले स्थानों और झरनों के बेहद करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों से सतर्क रहने को कहा गया है।
फिलहाल, बारिश ने मैनपाट की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं और यह पर्यटन स्थल एक बार फिर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया है।