इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लगातार हो रही बारिश ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं एक शादी ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। कैट रोड स्थित एक गार्डन में भारी जलभराव के बीच संपन्न हुई इस शादी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, शादी समारोह के दौरान हुई तेज बारिश से गार्डन और मंडप के आसपास करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। ऐसे में मेहमान पानी से बचते हुए किसी तरह समारोह में शामिल हुए। कई जगह जूते-चप्पल तक पानी में तैरते नजर आए। इसके बावजूद शादी की सभी रस्में तय समय पर पूरी की गईं।
दूल्हे ने गोद में उठाकर दुल्हन को पहुंचाया मंडप
सबसे खास पल तब देखने को मिला जब दूल्हे वैभव ने अपनी दुल्हन पूर्वा को गोद में उठाकर जलमग्न मंडप तक पहुंचाया। दोनों ने बरसते पानी के बीच सात फेरे लिए। शादी की रस्में पूरी होने के बाद भी दूल्हा दुल्हन को गोद में उठाकर भोजन स्थल तक ले गया। इस भावुक और रोमांटिक पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
प्रशासनिक तैयारियों पर भी उठे सवाल
हालांकि यह नजारा शहर में जलभराव की समस्या को भी उजागर करता है। एक ही बारिश में गार्डन और आसपास के इलाके में पानी भर जाने से नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव और गड्ढों की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
लगातार बारिश का असर
इंदौर में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जुलाई के पहले सप्ताह में ही सामान्य मासिक बारिश का आधे से अधिक आंकड़ा दर्ज किया जा चुका है। वहीं, इस वर्ष अधिकमास के कारण जुलाई तक विवाह मुहूर्त होने से बारिश के बीच भी शादियों का सिलसिला जारी है।
फिलहाल, जलभराव के बीच हुई यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग दूल्हे के इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।