रामनगर। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिसॉर्ट में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने मौके से नकदी, अवैध शराब और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद करने का दावा किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से कथित तौर पर देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, जहां कई संदिग्ध लोग मिले।
10 युवतियां रेस्क्यू, कई राज्यों से थीं संबंधित
छापेमारी के दौरान नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस का कहना है कि सभी युवतियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अवैध शराब और बिना लाइसेंस बार संचालन का खुलासा
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित किया जा रहा था। जांच में होटल के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता की भी जानकारी मिली है।
रिसॉर्ट मैनेजर फरार, पुलिस तलाश में जुटी
कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वहीं गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।