पंडवानी को दुनियाभर में पहचान दिलाने वाली तीजन बाई का निधन, कई दिनों से चल रही थी बीमार
TEEJAN BAI PASSES AWAY: रायपुर। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई का निधन हो गया। उन्होंने 70 वर्ष की उम्र में रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से छत्तीसगढ़ सहित देशभर के लोककला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, तीजन बाई पिछले 38 दिनों से रायपुर एम्स के आईसीयू में भर्ती थीं, जहां उनका इलाज चल रहा था। आज तड़के करीब 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
तीजन बाई को पंडवानी लोकगायन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का श्रेय दिया जाता है। अपनी अद्वितीय प्रस्तुति शैली और लोककला के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने दुनियाभर में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाई।
उनके कला योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया था।
तीजन बाई के निधन से कला और संस्कृति जगत ने एक युगद्रष्टा लोक कलाकार को खो दिया है।