RAIPUR NEWS रायपुर : रायपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा के बलांगीर और संबलपुर जिलों से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जसवंत डूण्डी, मनोज राणा और यश नायक के रूप में हुई है।
RAIPUR NEWS पुलिस के अनुसार, आजाद चौक थाना क्षेत्र निवासी बुजुर्ग मनहरण टिकरिहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से उनकी पहचान रजनी शर्मा नाम की महिला से हुई। महिला ने खुद को कोरबा निवासी और रेलवे इंजीनियर से सेवानिवृत्त बताया। विश्वास जीतने के बाद उसने शादी, पारिवारिक कार्यक्रम, दुर्घटना और इलाज समेत कई बहाने बनाकर 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में करीब 9.5 लाख रुपये अपने बैंक खातों में जमा करवा लिए।
रुपये लेने के बाद महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ओडिशा में मिली।
इसके बाद रायपुर पुलिस की टीम ने बलांगीर पहुंचकर आरोपी जसवंत डूण्डी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर मनोज राणा और यश नायक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
RAIPUR NEWS
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों को रायपुर लाकर पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।