RAVI BHAGAT RESIGN : रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और रायगढ़ जिला अध्यक्ष को भेजा है।
अपने इस्तीफे में रवि भगत ने पार्टी छोड़ने का कारण निजी कारण बताया है। वहीं, उन्होंने अपना त्यागपत्र सोशल मीडिया पर भी सार्वजनिक किया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार, रवि भगत पिछले कुछ महीनों से पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर संगठन और नेतृत्व को लेकर अपनी नाराजगी भी सार्वजनिक रूप से जाहिर की थी।
रवि भगत भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ संगठन में राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। ऐसे में उनके इस्तीफे को भाजपा संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
फिलहाल पार्टी की ओर से उनके इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।