तमिलनाडु। तिरुप्पुर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां यूट्यूब वीडियो देखकर घर पर गर्भवती महिला की डिलीवरी कराने की कोशिश उसकी मौत का कारण बन गई। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और सास के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नॉर्मल डिलीवरी की चाह में लिया बड़ा जोखिम
जानकारी के मुताबिक, उथुकुली क्षेत्र के थलावैपलयम गांव की रहने वाली शशिकला दूसरी बार गर्भवती थीं। उनका पहला बच्चा सिजेरियन ऑपरेशन से हुआ था। इस बार परिवार चाहता था कि प्रसव सामान्य तरीके से हो। इसी वजह से अस्पताल जाने के बजाय घर पर ही डिलीवरी कराने का फैसला लिया गया।
यूट्यूब देखकर बना ‘डॉक्टर’
आरोप है कि शशिकला के पति कार्तिक ने किसी डॉक्टर की सलाह लेने के बजाय यूट्यूब पर डिलीवरी से जुड़े वीडियो देखकर खुद ही प्रसव कराने की कोशिश की। इस दौरान उसकी मां भी मौजूद थी और दोनों ने मिलकर घर पर ही डिलीवरी कराई।
अधिक रक्तस्राव से बिगड़ी हालत
प्रसव के दौरान गर्भनाल ठीक से अलग नहीं हो पाई, जिससे शशिकला को भारी रक्तस्राव होने लगा। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले सरकारी अस्पताल और फिर कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। हालांकि नवजात बच्ची सुरक्षित है।
पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच के आधार पर पति और सास के खिलाफ लापरवाही और बिना चिकित्सकीय योग्यता के इलाज करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.