महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। भिसी इलाके में शराब के नशे में बाइक चला रहे दंपति का चार महीने का बेटा चलती बाइक से सड़क पर गिर गया, लेकिन नशे में होने के कारण माता-पिता को करीब 400 मीटर तक इसका एहसास ही नहीं हुआ।
यह घटना बुधवार रात भिसी बायपास स्थित मौली ढाबा के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, फूलचंद राउत और उनकी पत्नी मीरा राउत अपने चार महीने के बेटे और ढाई साल की बेटी के साथ बाइक से चिमूर जा रहे थे। सफर के दौरान मां की गोद में बैठा मासूम अचानक फिसलकर सड़क पर गिर गया, जबकि दंपति आगे बढ़ते रहे।
कुछ दूरी पर खराब सड़क के कारण उनकी बाइक भी फिसल गई, लेकिन तब भी उन्हें यह पता नहीं चला कि उनका बेटा पीछे सड़क पर छूट गया है। इसी बीच राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क पर पड़े मासूम को देखा और तुरंत उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंगेश भोंगडे और उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। बाद में घायल दंपति और उनकी बेटी को भी अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच में सामने आया कि दंपति शराब के नशे में था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि राहगीरों ने समय रहते सतर्कता नहीं दिखाई होती, तो पीछे से आने वाले वाहनों की चपेट में आने से मासूम की जान जा सकती थी।