दुर्ग। नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोपी ने सब्बल से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कोटवार ने पुलिस को सूचना दी थी कि पानी टंकी के पास सिंटेक्स चबूतरे पर एक युवक का शव पड़ा है, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त नहीं होने पर जांच शुरू की। बाद में गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान ग्राम पथरिया निवासी चेतन ठाकुर (18) के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक अपने साथियों सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे के साथ देर रात शराब पी रहा था। इसी दौरान हुए विवाद में सोमनाथ यादव ने सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी ने सब्बल और अपने कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद एसडीआरएफ की मदद से तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और आगे की कार्रवाई जारी है।