छत्तीसगढ़: कहीं स्कूल में शराब पीता मिला शिक्षक, तो कहीं आपत्तिजनक वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
Chhattisgarh News रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों से जुड़े दो मामलों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर कवर्धा जिले में स्कूल परिसर के भीतर शिक्षक के शराब पीने का वीडियो सामने आया है, तो दूसरी ओर जांजगीर-चांपा जिले में शिक्षक और शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने कार्रवाई की है।
कवर्धा: स्कूल में शराब पीता मिला शिक्षक
कवर्धा जिले के पंडरिया ब्लॉक के सुदूर वनांचल ग्राम तेलियापानी लेदरा स्थित शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक सुरेश कुमार नेताम का स्कूल परिसर में शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में शिक्षक स्कूल भवन के कमरे में शराब की बोतल और चखना के साथ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल हटाने की मांग की है।
जांजगीर-चांपा: आपत्तिजनक वीडियो के बाद विभागीय कार्रवाई
वहीं, जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला खैरवार पारा, बोड़सरा का एक वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में स्कूल के शिक्षक और शिक्षिका कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दिए। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित जांच टीम ने मामले की जांच की, जिसमें वीडियो सही पाए जाने के बाद दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई। शिक्षक को नवागढ़ बीईओ कार्यालय और शिक्षिका को अकलतरा बीईओ कार्यालय अटैच कर दिया गया है।

इन दोनों घटनाओं ने सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली और शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, अभिभावकों और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।