बलरामपुर (छत्तीसगढ़): जम्मू-कश्मीर में तैनात सीआरपीएफ के जवान राजाराम प्रजापति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि जवान बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदीकला गांव का निवासी था। कुछ दिन पहले ही वह ड्यूटी से छुट्टी पर घर लौटा था।
परिजनों के अनुसार, आत्महत्या के पीछे पति-पत्नी के बीच विवाद और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना मुख्य कारण है। परिवार का कहना है कि इससे पहले दिसंबर 2025 में भी राजाराम प्रजापति ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद इलाज कराकर उन्हें ठीक किया गया और वे ड्यूटी पर वापस लौट गए थे।
परिजनों ने बताया कि पत्नी जवान के ड्यूटी पर चले जाने के बाद अक्सर अपने मायके चली जाती थी। इसके अलावा ससुराल पक्ष के लोग भी उन्हें लगातार प्रताड़ित करते थे और मानसिक दबाव बनाते थे। इसी तनाव से परेशान होकर जवान ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों ने आनन-फानन में जवान को फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जवान को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। साथ ही पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया गया है। राजाराम प्रजापति 2021 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में 132 बटालियन में जम्मू-कश्मीर के लाल चौक क्षेत्र में तैनात थे।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत पर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।