भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जबलपुर निवासी एक युवक पर पूजा-पाठ, ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश और नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 निवासी संगीता कश्यप की मुलाकात नवंबर 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने खुद को धार्मिक और आध्यात्मिक जानकार बताते हुए उन्हें विश्वास में लिया।
आरोप है कि आरोपी ने महिला को परिवार पर ग्रह दोष और नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव होने की बात कहकर डराया और विभिन्न पूजा-पाठ एवं अनुष्ठानों के नाम पर बड़ी रकम वसूल ली। इसके बाद उसने महिला और उसके बेटे को ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी समय-समय पर खुद को आर्थिक संकट में बताकर पैसे मांगता रहा। कभी पिता की मौत तो कभी जेल जाने जैसी बातें कहकर उसने लगातार रकम हासिल की। आरोपी ने महिला को यह भी कहा कि उसके पति के साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता है और इस डर का फायदा उठाकर डेढ़ लाख रुपये ले लिए। कुछ समय बाद महिला के पति का सड़क हादसा हो गया, जिसके बाद पीड़िता ने आरोपी पर संदेह जताया है।
जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो आरोपी ने संविदा नौकरी दिलाने का झांसा दिया और कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र तथा भर्ती संबंधी दस्तावेज भेजे। अगस्त 2025 में उसने खुद को पुलिस हिरासत में होने की बात कहकर फिर 5 लाख रुपये ले लिए।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में रकम वापस मांगने पर आरोपी और उसके सहयोगियों ने जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। फिलहाल भिलाई नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।