रायपुर। जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत सासाहोली गांव में एक स्कूली छात्र की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र हाल ही में 10वीं कक्षा पास कर चुके थे और एक ही स्कूल में पढ़ते थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच स्कूल में एक-दूसरे को “मोटा” कहकर चिढ़ाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मृतक छात्र ने पहले आरोपी छात्र पर चाकू से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी छात्र ने चाकू छीन लिया और मृतक छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल आरोपी छात्र का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।