CHHATTISGARH LIQUOR STOCKS रायपुर की विदेशी शराब दुकानों में इन दिनों शराब प्रेमियों को अपनी पसंदीदा ब्रांड की शराब नहीं मिल रही है। खासकर चर्चित ब्रांड के क्वार्टर लंबे समय से बाजार से गायब हैं, जिससे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि मांग के अनुरूप ब्रांड की सप्लाई नहीं हो रही है, जिसके कारण ग्राहकों को उनकी पसंद की शराब उपलब्ध नहीं कराई जा पा रही है।
प्लास्टिक बोतलों में होगी सप्लाई, इसलिए हो रही देरी
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब कांच की छोटी बोतलों की जगह प्लास्टिक सीसी (क्वार्टर) में शराब की बिक्री की तैयारी की जा रही है। इसके लिए शराब कंपनियां नई मशीनें स्थापित कर रही हैं, जिससे उत्पादन और सप्लाई प्रभावित हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इसी कारण कई लोकप्रिय ब्रांडों की आपूर्ति में देरी हो रही है।
पिछले एक महीने से नहीं मिल रहे चर्चित ब्रांड
शहर की अधिकांश अंग्रेजी शराब दुकानों में पिछले एक माह से कई लोकप्रिय ब्रांडों के क्वार्टर उपलब्ध नहीं हैं। वर्तमान में जो क्वार्टर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, उन्हें पुराना स्टॉक बताया जा रहा है। नए स्टॉक की कमी के चलते ग्राहक लगातार अपनी पसंद के ब्रांड की तलाश में भटक रहे हैं।
अगले महीने तक सामान्य हो सकती है सप्लाई
आबकारी विभाग का दावा है कि शराब कंपनियों को मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस महीने के अंत या अगले महीने से बाजार में फिर से सभी प्रमुख ब्रांड उपलब्ध होने लगेंगे। फिलहाल दुकानों में कई ऐसे ब्रांड दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें उपभोक्ताओं ने पहले कभी नहीं देखा था।
कई दुकानों से लोकप्रिय ब्रांड की बोतलें भी गायब
प्रीमियम अंग्रेजी शराब दुकानों में 760 से 800 रुपये की रेंज वाले कई चर्चित ब्रांड भी उपलब्ध नहीं हैं। इनमें रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और मैकडॉवेल्स नंबर-1 जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा रम की सप्लाई भी लगभग बंद है। दुकानों के कर्मचारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में रम की मांग कम होने के कारण इसकी आपूर्ति फिलहाल नहीं की जा रही है।
CHHATTISGARH LIQUOR STOCKS : पसंदीदा ब्रांड नहीं मिलने से बढ़ रही नाराजगी
लगातार कई सप्ताह से पसंदीदा ब्रांड नहीं मिलने के कारण ग्राहकों में नाराजगी बढ़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि शराब की कीमतें बढ़ने के बावजूद यदि पसंदीदा ब्रांड उपलब्ध नहीं होंगे तो यह उनके लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बनेगा। हालांकि आबकारी विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सप्लाई व्यवस्था सामान्य हो जाएगी और सभी प्रमुख ब्रांड फिर से बाजार में उपलब्ध होंगे।