
गीदम में हादसे के बाद कथित मारपीट, गाली-गलौज और धमकियों से आहत हुआ था महासमुंद का चालक ताम्रध्वज साहू, मां और मालिक के नाम भी छोड़े वीडियो संदेश


रायपुर/गीदम/महासमुंद। छत्तीसगढ़ के गीदम से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर दिया है। आरोप है कि एक सड़क दुर्घटना के बाद रसूखदार मर्सिडीज चालक और उसके साथियों द्वारा की गई मारपीट, गाली-गलौज और कथित धमकियों से आहत होकर महासमुंद निवासी युवा चालक ताम्रध्वज साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि मौत को गले लगाने से पहले ताम्रध्वज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो अपलोड किए। इन वीडियो में वह रोते हुए अपनी मां से माफी मांग रहा है, अपने वाहन मालिक से क्षमा मांग रहा है और बार-बार कह रहा है कि वह किसी का दुश्मन नहीं है।
‘मर्सिडीज वाले भैया, माफ कर देना… मैं आपका दुश्मन नहीं हूं’

मौत से पहले बनाए गए एक वीडियो में ताम्रध्वज बेहद भावुक होकर कहता है—
वीडियो का लिंक – https://www.instagram.com/reel/DZe23EYsJlR/?igsh=MWR4YmNrNGphMHZ2MA==
“भैया, गलती इंसान से होती है। गाड़ी का स्टेयरिंग रॉड टूट गया था, ब्रेक फेल हो गया था, इसलिए एक्सीडेंट हो गया। आप मेरे दुश्मन नहीं हो। आपने कहा था कि मुझे और मेरे परिवार को खत्म कर दोगे। इसलिए मैं खुद को खत्म कर रहा हूं। आपको अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है।”
वीडियो में युवक बार-बार खुद को निर्दोष बताते हुए माफी मांगता दिखाई देता है।
‘मां, मुझे माफ कर देना… बेटा होने का फर्ज नहीं निभा पाया’
देखें वीडियो-
https://www.instagram.com/reel/DZe23EYsJlR/?igsh=MWR4YmNrNGphMHZ2MA==
View this post on Instagram

एक अन्य वीडियो में ताम्रध्वज अपनी मां को याद कर फूट-फूटकर रोता है।
“मां, मुझे माफ कर देना। मैं तेरा बेटा होने का फर्ज नहीं निभा पाया। मैं अपने आपको खत्म कर रहा हूं।”
वीडियो देखने वालों की आंखें नम हो रही हैं। परिवार का कहना है कि लगातार अपमान और धमकियों ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया था।
‘मेरी मौत के जिम्मेदार मर्सिडीज वाले लोग हैं’

अपने वाहन मालिक लक्ष्मण के नाम रिकॉर्ड किए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने कथित तौर पर कहा कि उसकी मौत के लिए मर्सिडीज वाले लोग जिम्मेदार हैं।
उसका कहना था कि हादसे के बाद लगातार उसे और उसके परिवार को खत्म करने की धमकियां दी जा रही थीं। वह अपने मालिक से भी माफी मांगता नजर आता है और कहता है कि गाड़ी में तकनीकी खराबी थी, इसलिए दुर्घटना हुई।
हादसे के बाद क्या हुआ था?
परिजनों के अनुसार ताम्रध्वज रायपुर में एक ट्रांसपोर्टर की मेटाडोर चलाता था। वह माल लेकर गीदम गया था। गुरुवार दोपहर बंजारी घाट क्षेत्र में उसकी गाड़ी और एक मर्सिडीज कार के बीच दुर्घटना हो गई।
मृतक के कथित वीडियो और परिवार के आरोपों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार चालक ने उसके साथ मारपीट की। बाद में बुलाए गए कुछ अन्य लोगों ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया, गालियां दीं और उसे अपमानित किया। इसी घटना के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया।
परिजनों का आरोप- पुलिस ने भी किया अपमानित
परिवार का कहना है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने भी उसके साथ ऐसा व्यवहार किया जिससे वह और अधिक टूट गया। परिजनों के मुताबिक ताम्रध्वज बार-बार कह रहा था कि उसे बहुत अपमानित किया गया है।
एसपी तक पहुंचा मामला
खबर जोरदार और Raw Reporter की टीम ने पूरे मामले की जानकारी दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय तक पहुंचाई है। एसपी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
किसके नाम पर है मर्सिडीज?
जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज कार का नंबर KA03MQ6809 है। आरटीओ रिकॉर्ड के अनुसार वाहन आतिफ अफरोज पाशा के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर वाहन को एनएमडीसी से जुड़े एक ठेकेदार से जोड़कर भी चर्चा की जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

